छतरपुर, विनोद मिश्रा। छतरपुर के महोबा रोड स्थित प्रसिद्ध जानराय टोरिया मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। मंदिर परिसर में प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले सुंदरकांड पाठ, महाआरती और प्रसाद वितरण कार्यक्रम का एक वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न होने पर 'आजानभुज सरकार पंचमुखी हनुमान मंदिर सेवा समिति' के तत्वावधान में भव्य वार्षिकोत्सव का आयोजन शनिवार, 17 अक्टूबर को धूमधाम से किया गया।
दोपहर में सुंदरकांड पाठ से हुई शुरुआत, शाम को महाआरती में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब
वार्षिकोत्सव का शुभारंभ दोपहर 3 बजे भक्तिमय वातावरण में सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ। इसके बाद शाम 6 बजे मंदिर प्रांगण जय श्री राम और जय हनुमान के जयकारों से गूंज उठा, जब उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने एक साथ महाआरती में भाग लेकर पंचमुखी हनुमान जी महाराज का आशीर्वाद लिया। महाआरती के उपरांत विशाल महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जो देर रात तक अनवरत रूप से जारी रहा और हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
नेपाल से आए श्रद्धालुओं ने की आयोजन की सराहना
इस वार्षिकोत्सव की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें शामिल होने के लिए केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान पड़ोसी देश नेपाल से आए भक्तों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और मंदिर समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं तथा भक्तिमय माहौल की दिल खोलकर सराहना की।
जन्मदिन और वर्षगांठ पर यजमान बनकर उठा सकते हैं धर्म लाभ
सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर में यह आयोजन हर शनिवार को नियमित रूप से किया जाता है। धर्मप्रेमी नागरिक अपने जीवन के विशेष अवसरों जैसे जन्मदिन, शादी की सालगिरह या अन्य मांगलिक अवसरों पर यजमान बनकर सुंदरकांड पाठ, महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन करा सकते हैं। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक कार्य में सहभागी बनकर सनातन धर्म के प्रति अपना योगदान देने और पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।















