सागर/बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। बीना के व्यस्ततम गांधी चौराहा स्थित ओवरब्रिज पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात भारी वाहन से बड़ी मात्रा में ऑयल सड़क पर गिर गया। तेल फैलने के कारण ओवरब्रिज की ढलान पर अचानक भीषण फिसलन उत्पन्न हो गई, जिससे वहां से गुजर रहे कई बाइक सवार अनियंत्रित होकर एक-एक कर गिर पड़े। इस हादसे में कुछ वाहन चालकों को चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
घायल बाइक चालक ने दिखाई मिसाल, मौके पर पहुंचकर नगर पालिका व पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे का शिकार हुए एक घायल बाइक चालक ने अदम्य नागरिक कर्तव्य और समझदारी का परिचय दिया। उसने चोटिल होने के बावजूद अपनी बाइक को ब्रिज के मुहाने पर खड़ा कर दिया और आने-जाने वाले चालकों को चिल्लाकर सतर्क करना शुरू कर दिया, ताकि कोई और वाहन दुर्घटनाग्रस्त न हो। सूचना मिलते ही नगर पालिका कर्मचारी प्रदीप लोधी घटनास्थल पर पहुंचे और यातायात को नियंत्रित करते हुए लोगों को सुरक्षित निकालने में लग गए।
सफाई कर्मचारियों ने ऑयल पर डाली मिट्टी, अज्ञात वाहन की तलाश जारी
स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। कर्मचारियों ने पूरे ओवरब्रिज पर फैले तेल को साफ किया और फिसलन को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सड़क पर मिट्टी का छिड़काव कराया। अधिकारियों की समय पर की गई इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल पुलिस प्रशासन ऑयल गिराकर जाने वाले अज्ञात भारी वाहन की जांच और पहचान में जुट गया है।













