ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात एक अत्यंत दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा घटित हुआ। चीनौर रोड स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए कतारबद्ध खड़े श्रद्धालुओं पर धान से लदा एक अनियंत्रित ट्रक चढ़ गया। इस भीषण दुर्घटना में 15 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों सहित 26 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक और वाहन मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।


प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, यह हादसा देर रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन पाने के लिए सड़क किनारे लाइन में खड़े थे। इसी दौरान चीनौर की ओर से आ रहा धान से भरा भारी ट्रक ढलान पर पहुंचते ही अनियंत्रित हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक गूगल मैप के सहारे रास्ता तय कर रहा था और ढलान पर अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। रफ्तार अधिक होने के कारण वाहन पुलिस चेकपोस्ट को तोड़ते हुए कतार में लगे श्रद्धालुओं को कुचलता चला गया और अंत में मंदिर के मुख्य गेट व बाहरी दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंदिर की पक्की दीवार ढह गई और कई श्रद्धालु उसके मलबे के नीचे दब गए।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे घायलों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया। सभी घायलों को आनन-फानन में ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (JAH) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां कई घायलों की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। उधर, घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों और आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की लापरवाही का आरोप लगाते हुए भारी हंगामा किया। भीड़ को शांत कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर मोर्चा संभालना पड़ा।