छतरपुर, संजय अवस्थी। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शासकीय बालिका छात्रावास की छात्राओं ने छात्रावास की अधीक्षिका पर गंभीर मानसिक प्रताडऩा, मनमानी और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। अपनी इन समस्याओं से परेशान होकर बड़ी संख्या में छात्राएं कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचीं और अधीक्षिका को पद से हटाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठ गईं।
छात्राओं संगीता अहिरवार, अंजू अहिरवार का आरोप है कि छात्रावास में खाने की गुणवत्ता बेहद खराब है और भोजन में आए दिन कीड़े निकलते हैं। जब इस बात की शिकायत अधीक्षिका से की जाती है, तो वे सुनने के बजाय छात्राओं को डराती-धमकाती हैं और उनके नाम काटने तथा पुलिस कार्रवाई का भय दिखाती हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने बताया कि छात्रावास में बाहरी और असामयिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे छात्राओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
इस मामले को लेकर छात्राओं ने जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन भी सौंपा है, जिसमें शिकायतों की निष्पक्ष जांच, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और अधीक्षिका को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है, वहीं छात्राएं अपनी मांगों पर अड़ी हुई हैं।














