छतरपुर, संदीप यादव। जिले के सटई थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां खेत पर कृषि कार्य के दौरान फैले बिजली के करंट ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सटई निवासी महेन्द्र पटेल और उनके छोटे भाई सोनू पटेल अपने खेत पर बिजली से संबंधित कोई कार्य कर रहे थे। काम के दौरान ही अचानक सोनू पटेल करंट की चपेट में आ गए।

भाई को तड़पता देख बचाने पहुंचा था महेन्द्र, खुद आ गया चपेट में

जैसे ही महेन्द्र पटेल ने अपने छोटे भाई सोनू को करंट से तड़पते देखा, वह बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ा। हालांकि, सोनू को बचाने के प्रयास में महेन्द्र पटेल खुद भी करंट की भीषण चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के तुरंत बाद परिजन दोनों भाइयों को इलाज के लिए सटई अस्पताल लेकर पहुंचे। हादसे में सोनू पटेल को मामूली चोटें आईं, जिनका सटई अस्पताल में ही प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं महेन्द्र पटेल की स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण परिजन उन्हें तत्काल सटई से जिला अस्पताल छतरपुर लेकर पहुंचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत महेन्द्र पटेल को मृत घोषित कर दिया। युवा पुत्र की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।