छतरपुर, संजय अवस्थी। छत्तीसगढ़ गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष और राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त संकट मोचन मंदिर के महंत श्री राजीव लोचन दास जी महाराज का छतरपुर में प्रथम नगर आगमन अत्यंत उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महंत जी के आगमन पर स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं द्वारा उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने उन्हें पुष्पमालाएं पहनाईं और शॉल ओढ़ाकर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस गरिमामयी आयोजन में राजेंद्र अग्रवाल, मुन्ना तिवारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दिल्ली प्रदर्शन और राजनीतिक हालातों पर तीखा बयान: रावण के साथ कॉकरोच रूपी नकारात्मक ताकतों का भी हो दहन
पत्रकारों से बातचीत के दौरान महंत राजीव लोचन दास जी महाराज ने दिल्ली में चल रहे प्रदर्शनों और देश के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस बार केवल रावण के पुतले का दहन काफी नहीं है, बल्कि समाज में फैल रही कॉकरोच रूपी नकारात्मक और देश विरोधी ताकतों का भी पूरी तरह से दहन किया जाना चाहिए।
सनातन संस्कृति और युवा शक्ति सर्वोपरि, देश विरोधी ताकतों को सबक सिखाने तैयार है जनता
महंत जी ने देश की युवा शक्ति और सनातन संस्कृति के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक जड़ें बेहद मजबूत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि देश का युवा जागृत है और देश विरोधी या समाज को बांटने वाली ताकतों को जनता खुद अपनी शक्ति से करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार बैठी है।















