सतना, सजल कुमार रजक । सतना के व्यस्ततम बस स्टैंड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। बैंक के भीतर कैश काउंटर के पास खड़े पीड़ित बुजुर्ग भुवनेश्वर सिंह के बैग से शातिर चोर ने 40 हजार रुपये की रकम पार कर दी। जैसे ही बुजुर्ग को पैसों के गायब होने का अहसास हुआ, बैंक परिसर में हड़कंप मच गया और तुरंत ही स्थानीय पुलिस एवं बैंक प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।

CCTV कैमरों में कैद हुई पूरी वारदात, संदेही की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के फौरन बाद बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी वारदात कैद पाई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने में जुट गई है। भीड़भाड़ वाले बैंक परिसर के अंदर इस तरह बेखौफ होकर अंजाम दी गई वारदात ने बैंक की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।