कोलंबो,। श्रीलंका के मत्स्य पालन और जलीय संसाधन विभाग ने आज कुछ देर पहले खराब मौसम की वजह से अगली सूचना तक बंगाल की खाड़ी में मछली पकड़ने की सभी तरह की गतिविधि पर प्रतिबंध लगा दिया। विभाग ने घोषणा की कि यह प्रतिबंध अगली सूचना तक प्रभावी होंगे। मत्स्य पालन और जलीय संसाधन विभाग ने प्रतिबंध घोषणा में सलाह भी जारी की है।
डेली न्यूज अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, विभाग ने समुद्र में मौजूद सभी मछली पकड़ने वाले जहाजों को तत्काल सुरक्षित लौटने की सलाह दी है। मछुआरों और समुद्री ऑपरेटरों को मौसम एवं विज्ञान विभाग के अपडेट और रेडियो सलाह पर करीब से नजर रखने को कहा गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि 25 नवंबर की आधी रात से श्रीलंका के दक्षिण में बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में एक कम दबाव वाले क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है।
कोलंबो के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान विभाग ने संकेत दिया है कि यह कम दबाव वाला क्षेत्र अगले 30 घंटों में डिप्रेशन में बदल सकता है। ऐसा होने पर खतरनाक स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। सनद रहे, कम दबाव वाले क्षेत्र में बनने वाले डिप्रेशन को चक्रवात कहते हैं। चक्रवात के समय अचानक हवा ऊपर उठती है, जिससे बादल बनते हैं और मौसम तेजी से बिगड़ जाता है। तेज हवा के साथ भारी बरसात शुरू हो जाती है। हवा की अधिकतम गति 31 से 61 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।
श्रीलंका में अगली सूचना तक बंगाल की खाड़ी में मछली पकड़ने की सभी तरह की गतिविधि पर प्रतिबंध

Anubhav Mishra
31 मई 2026, 10:35 am IST
Anubhav Mishra31 मई 2026, 10:35 am IST
