मुरैना। पुलिस ने गुरुवार सुबह चंबल के आतंक और 80 हजार रुपए के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर व उसके साथी अजय को एक शॉर्ट एनकाउंटर में ढेर करने के करीब पहुंचा दिया। बानमोर के पहाड़ी जंगल में हुई इस मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। कल्ली पर हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों के 20 केस दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के 200 जवान लगातार दबिश दे रहे थे।

सोशल मीडिया पर खुली चुनौती और बढ़ता आतंक

गुड्डा गुर्जर गैंग के खात्मे के बाद कल्ली ने इस गैंग की कमान अपने हाथ में ले ली थी। वह लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था और सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर अपने दुश्मनों को खुलेआम धमकियां दे रहा था। कुछ दिनों पहले ही उसका एक वीडियो सामने आया था जिसमें वह महेश्वर मंदिर के सामने खड़े होकर अपने विरोधी करुआ गुर्जर को चुनौती देता नजर आया था। इसके अलावा, उसने ग्वालियर के एबी रोड पर एक कंटेनर को ओवरटेक कर रंगदारी मांगी थी और विरोध करने पर उसके 12 टायरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की थी।

मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर तक फैला है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार डकैत कल्ली गुर्जर का आपराधिक दायरा बेहद व्यापक है। उसके खिलाफ मुरैना जिले के विभिन्न थानों में सबसे अधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें अकेला सरायछोला थाना टॉप पर है जहां उसके खिलाफ 6 गंभीर केस दर्ज हैं। इसके अलावा देवगढ़, बागचीनी, टिमनी, नूराबाद, जौरा, कोतवाली और सिविल लाइन थानों में भी उसके प्रकरण दर्ज हैं। मुरैना के अलावा ग्वालियर जिले के तिघरा, घाटीगांव, हस्तिनापुर, भंवरपुरा और श्योपुर के बरगवां थाने में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हत्या के प्रयास से लेकर आर्म्स एक्ट तक की धाराएं

कल्ली और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज मामलों में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27, आबकारी एक्ट, मोटर व्हीकल एक्ट और विशेष तौर पर मध्यप्रदेश डकैती एवं व्यपहरण प्रभावित क्षेत्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। हालिया मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पुराने मामलों में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराएं लगाई गई हैं। मुठभेड़ के बाद से अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।