छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के ग्राम बरूआ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक विवाहित महिला अपने दो मासूम बच्चों को छोड़कर घर में रखे नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई है। पीड़ित मां ने पुलिस अधीक्षक (SP) छतरपुर को शिकायती पत्र सौंपकर अपनी बेटी की जान का खतरा जताते हुए न्याय और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शादी के 7 साल बाद उठाया कदम: शिकायतकर्ता श्रीमती रमाकान्ती (निवासी बरूआ) ने बताया कि उनकी पुत्री सपना देवी की शादी करीब 7 वर्ष पूर्व कानपुर नगर (उत्तर प्रदेश) के ग्राम मैधरी निवासी जोधा (पुत्र रामदास खंगार) के साथ हुई थी। इस वैवाहिक जीवन से उनके दो बच्चे हैं—4 साल का बेटा कार्तिक और 2 साल का बेटा अर्पित।
रात के अंधेरे में नगदी और जेवरात लेकर हुई गायब: शिकायत के अनुसार, गत 28 अक्टूबर 2026 को सपना अपने पति के साथ मायके आई थी। रात में खाना खाने के बाद उसका पति वापस लौट गया और परिवार के अन्य सदस्य सो गए। आरोप है कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच सपना गांव के ही शिवा (पुत्र रामकिशोर) और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ घर से भाग गई। जाते वक्त वह घर में रखे 50,000 रुपये नकद और लगभग 1 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात भी अपने साथ ले गई।
बेचने और जान से मारने की धमकी: जब पीड़ित मां ने मोबाइल पर संपर्क किया, तो आरोपी शिवा ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने धमकी दी कि यदि कहीं भी शिकायत की गई, तो वह उनकी लड़की को बेच देगा या उसकी हत्या कर लाश फेंक देगा।
मां को सता रहा अनहोनी का डर: बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित मां रमाकान्ती ने एसपी से गुहार लगाई है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रिपोर्ट दर्ज की जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उनकी बेटी की तलाश की जाए।

















