नई दिल्ली। स्कॉटलैंड ने आईसीसी महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। इस टूर्नामेंट में ऑलराउंडर कैथरीन ब्राइस टीम की कप्तानी करेंगी। यह टूर्नामेंट 12 नवंबर से यूएई में खेला जाएगा।ब्राइस ने हाल ही में इस साल की शुरुआत में महिला टी20 विश्व कप में स्कॉटलैंड की कप्तानी की थी, जहां उनकी टीम ग्रुप बी की छह टीमों में पांचवें स्थान पर रही थी। 10 टीमों वाली इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी के लिए उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया है। स्कॉटलैंड की इस टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है।
डार्सी कार्टर, सारा ब्राइस और कैथरीन फ्रेजर उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें पहले भी इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का अनुभव है। वहीं, गैब्रिएला फोंटेनला, पिप्पा स्प्रौल और युवा खिलाड़ी इसाबेला वॉटसन (जिन्होंने अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है) टीम के युवा सदस्यों में शामिल हैं।
फोंटेनला और स्प्रौल को महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप 2025 के दौरान खेलते देखा गया था, जबकि 18 वर्षीय वॉटसन 2027 में होने वाले अगले अंडर-19 विश्व कप में खेल सकती हैं। स्कॉटलैंड को आयरलैंड, पापुआ न्यू गिनी, श्रीलंका और यूएई के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।इस बीच, श्रीलंका ने भी टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें हर्षिता समरविक्रमा को कप्तान बनाया गया है। चमारी अटापट्टू की गैरमौजूदगी में यह टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज टीम की कमान संभालेंगी। टीम में विश्मी गुणरत्ने और निलाक्षिका सिल्वा की भी वापसी हुई है।
स्कॉटलैंड के शेड्यूल की बात करें तो टीम 12 नवंबर को अजमान के सेवन डिस्ट्रिक्ट्स स्पोर्ट्स क्लब में पीएनजी के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद 13 नवंबर को उनका मुकाबला श्रीलंका से होगा।लीग चरण के अपने तीसरे मैच में 15 नवंबर को स्कॉटलैंड का सामना यूएई से होगा, और 18 नवंबर को आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले के साथ वह अपने ग्रुप चरण का समापन करेंगे।
स्कॉटलैंड की टीम: कैथरीन ब्राइस (कप्तान), क्लो एबेल, सारा ब्राइस, डार्सी कार्टर, प्रियानाज चटर्जी, गैब्रिएला फोंटेनला, कैथरीन फ्रेजर, कर्स्टी गॉर्डन, अबताहा मकसूद, मेगन मैकोल, हन्ना रेनी, नैमा शेख, पिप्पा स्प्रौल, इसाबेला वॉटसन।
















