नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली गुरुवार को अपना 38वां जन्मदिन मना रहा है। वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड में मौजूद कोहली को उनके जन्मदिन पर बीसीसीआई के अलावा शिखर धवन और सुरेश रैना ने बधाई दी है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने विराट कोहली की टेस्ट क्रिकेट वाली जर्सी में तस्वीर पोस्ट करते हुए और उनके अंतरराष्ट्रीय आंकड़े साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
बीसीसीआई ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "566 अंतरराष्ट्रीय मैच, 28, 601 रन और 86 शतक, प्रक्रिया जारी है।"
बोर्ड ने आगे लिखा, "आईसीसी पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2011, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2013 और 2025, और आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2024 के विजेता। इस खेल की शान बढ़ाने वाले सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक, विराट कोहली को जन्मदिन की बधाई।"
विराट कोहली के साथ दिल्ली की घरेलू टीम से लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबा समय गुजारने वाले साथी खिलाड़ी शिखर धवन ने उन्हें एक्स पर जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो विराट कोहली। खेल के लिए आपका जुनून, भूख और प्यार लाखों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। आने वाला साल शानदार हो, भाई।"
पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने विराट को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, "हैप्पी बर्थडे, किंग कोहली। शानदार कवर ड्राइव से लेकर यादगार रन चेज तक, आपने क्रिकेट फैन्स को अनगिनत यादें और इमोशन दिए हैं। आपका पैशन, लड़ने का जज्बा और जीतने की भूख आपको सच में खास बनाती है। मेरे लिए, आपको बैटिंग करते देखना बहुत खुशी की बात है। प्रेरित करते रहें, जीतते रहें और इंडिया को गर्व महसूस कराते रहें। एक बार किंग, हमेशा किंग।"
विराट कोहली टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। वह वनडे फॉर्मेट में सक्रिय हैं और शानदार फॉर्म में हैं। विराट का सपना वनडे विश्व कप 2027 खेलना है। फिलहाल, विराट भारतीय टीम के साथ न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज खेल रहे हैं। बुधवार को ऑकलैंड में हुए वनडे में उन्होंने 51 गेंदों पर 74 रन बनाकर भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
















