मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। दीपावली के पावन पर्व पर मंदसौर पुलिस ने आमजन को एक खास और बड़ा तोहफा दिया है। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से जिलेभर में गुम हुए 115 कीमती मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए और उनके असली मालिकों के सुपुर्द कर दिए। वर्षों या महीनों से अपने खोए हुए फोन की उम्मीद छोड़ चुके फरियादियों के हाथ में जैसे ही उनका मोबाइल वापस आया, उनके चेहरों पर खुशी की मुस्कान लौट आई।

पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान एसपी विनोद कुमार मीणा ने स्वयं उपस्थित होकर फरियादियों को उनके मोबाइल फोन सौंपे। बरामद किए गए इन 115 मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है।

मोबाइल वापस पाकर फरियादियों ने मंदसौर पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की। कई लोगों का कहना था कि फोन गुम होने के बाद उन्हें इसके वापस मिलने की कोई उम्मीद नहीं थी, लेकिन पुलिस की तत्परता और निरंतर प्रयास से उनका बहुमूल्य डेटा और फोन सुरक्षित वापस मिल गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी विनोद कुमार मीणा ने कहा कि आमजन की संपत्ति की सुरक्षा और सेवा करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि साइबर सेल और थानों की पुलिस टीम गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस करने के लिए लगातार काम कर रही है और यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।