धार/गंधवानी, भानुप्रकाश शर्मा। शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर समीपस्थ वृंदावन धाम कॉलोनी में मां नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। मां दुर्गा की महाआरती और जयकारों के साथ शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए प्रसिद्ध अम्बे माता मंदिर पहुंची, जहां माता रानी को श्रद्धापूर्वक चुनरी अर्पित की गई।

यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-ताशों की थाप और माता के भजनों पर भक्त झूमते नजर आए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। मंदिर में पंडित जी के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाहवन एवं विशेष पूजन संपन्न हुआ।

श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण, क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए हवन में आहुतियां दीं। इसके बाद महाआरती, कन्या पूजन, कन्या भोज और प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मां नवदुर्गा उत्सव समिति एवं कॉलोनी के रहवासियों का सराहनीय योगदान रहा।