छतरपुर। शहर के नौगांव रोड स्थित पॉश कॉलोनी पेप्टेक टाउन में पेप्टेक टाउन नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा शारदीय नवरात्र महोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कॉलोनी का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय हो उठा, जहां मां अम्बे की आराधना में देर रात तक भजनों और गरबा की धुन गूंजती रही।
कॉलोनीवासियों और नन्हें कलाकारों ने गरबा नृत्य से बांधा समां
आयोजन के दौरान बीती रात स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ पेप्टेक टाउन के निवासियों ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही बाल कलाकारों ने भी एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक और धार्मिक नृत्यों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष हुई इस गरबा रास को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महापूर्णाहुति के साथ होगा नौ दिवसीय महोत्सव का समापन
नवरात्र महोत्सव के अंतिम दिन 19 अक्टूबर को पेप्टेक टाउन परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। प्रात: काल मां दुर्गा का विशेष पूजन-अर्चन और मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न होगा। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कॉलोनीवासियों सहित आसपास के श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण होगा।
















