छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है। मोहखेड़ विकासखंड के लावाघोघरी स्थित प्रतिष्ठित 'पीएम श्री' शासकीय स्कूल में पदस्थ संस्कृत शिक्षक संजय सरेठा पर कक्षा 7वीं की 12 वर्षीय छात्रा के साथ गंदी हरकत करने का आरोप लगा है। पीड़ित छात्रा ने साहस दिखाते हुए घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रार्थना के दौरान अन्य बच्चों को कमरे से निकाला बाहर, फिर की शर्मनाक करतूत

पीड़ित छात्रा की शिकायत के अनुसार, बीते 14 अक्टूबर को जब स्कूल में प्रार्थना चल रही थी, तब आरोपी शिक्षक ने बाकी सभी विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर भेज दिया। इसके बाद छात्रा को अकेली पाकर उसके साथ कथित तौर पर अश्लील हरकतें की गईं। घटना से सहमी छात्रा ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने माता-पिता को शिक्षक की इस करतूत के बारे में जानकारी दी।

पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट समेत 10 धाराओं में एफआईआर दर्ज, प्राचार्य ने भी मांगी सख्त कार्रवाई

परिजनों की तहरीर पर लावाघोघरी पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक संजय सरेठा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम जैसी गंभीर कानूनी धाराओं के तहत कुल 10 धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। उधर, विद्यालय के प्राचार्य महेश पवार ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की पैरवी की है।