भोपाल, जीतेन्द्र यादव: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के स्मार्ट पार्क में देश के विभिन्न राज्यों से आए ‘माई भारत’ के युवा वॉलंटियर्स से संवाद किया और उनके साथ पौधारोपण कर युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण का कड़ा संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा केवल अपने निजी हितों तक सीमित न रहें, बल्कि देश और समाज के लिए भी अपना योगदान दें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

इस दौरान, दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शनों और विपक्षी दलों के बयानों को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में लगातार हार मिलने के कारण विपक्ष सत्ता परिवर्तन के लिए छटपटा रहा है। शिवराज सिंह चौहान ने बांग्लादेश की हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए देश में अशांति और भ्रम फैलाने के प्रयासों का गंभीर आरोप भी लगाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत और देश की परिस्थितियों तथा बांग्लादेश के हालात में जमीन-आसमान का अंतर है, और देश की सवा सौ करोड़ जनता पूरी मजबूती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ खड़ी है।