छतरपुर,शिवम सोनी। जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम मामौन में आपसी विवाद के बीच बचाव करने गए युवक के साथ क्रूर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। बीच बचाव करने पहुंचे युवक को सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसके सिर में टांके लगाए गए।
जानकारी के अनुसार फरियादी सत्येंद्र सिंह बुंदेला उर्फ हैप्पी राजा (21 वर्ष) अपने घर के सामने से गुजर रहा था। तभी उसने गांव में दो पक्षों के बीच जोरदार विवाद होते देखा। मौके पर मौजूद एक महिला के आग्रह पर वह झगड़ा शांत कराने के इरादे से आगे बढ़ा, लेकिन इसी दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने उस पर लकड़ी के डंडे से जमकर हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान बीच बचाव करने पहुंचे युवक के अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपियों ने न केवल लाठी-डंडों से पीटा बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसके सिर में कई टांके लगाए। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे-मोटे विवाद में बीच बचाव करने वाले निर्दोष युवक को इस तरह की मारपीट का शिकार बनाया जाना बेहद निंदनीय है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।

