नई दिल्ली। भारतीय मूल के कनाडाई अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने मंगलवार को दिल्ली में एयर इंडिया के चीफ कमर्शियल ऑफिसर (सीसीओ) निपुण अग्रवाल से मुलाकात की। कनाडाई मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हमने एयर इंडिया की अतिरिक्त विमान खरीदने की योजनाओं और कनाडा व भारतीय एयरोस्पेस उद्योगों के बीच सहयोग को मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की।"उन्होंने कहा कि हमने दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने के अवसरों पर भी चर्चा की। चूंकि हम द्विपक्षीय व्यापार को 30 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 70 बिलियन डॉलर तक ले जाने की दिशा में काम कर रहे हैं। ऐसे में कनाडा और भारत के बीच लोगों और सामानों की आवाजाही को अधिक तेज और कुशल बनाना आवश्यक होगा।
भारतीय मूल के कनाडाई अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू सोमवार से मुंबई और बेंगलुरु में लगभग 300 कारोबारी प्रतिनिधियों का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसे ओटावा पिछले 30 वर्षों में भारत के लिए अपना सबसे बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल बता रहा है, क्योंकि दोनों देश साल के अंत तक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश में हैं।
ग्लोबल अफेयर्स कनाडा ने कहा कि टीम कनाडा ट्रेड मिशन 12 से 17 अक्टूबर तक चलेगा। बयान में कहा गया कि प्रतिनिधि भारतीय निर्णयकर्ताओं, प्रमुख उद्योग जगत के लोगों और संभावित ग्राहकों से जुड़ेंगे ताकि वाणिज्यिक संबंधों का विस्तार किया जा सके और नई साझेदारियां बनाई जा सकें जो देश में अच्छी तनख्वाह वाली नौकरियां पैदा करेंगी।
सिद्धू ने कहा, "लगभग 300 कनाडाई कारोबारी प्रतिनिधि अगले सप्ताह भारत में मेरे नेतृत्व वाले टीम कनाडा ट्रेड मिशन में शामिल हो रहे हैं ताकि दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक में हमारे व्यवसायों और श्रमिकों के लिए नए अवसर हासिल किए जा सकें।"
उन्होंने कहा, "एयरोस्पेस, कृषि-खाद्य और स्वच्छ प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में कनाडाई विशेषज्ञता को भारत की बढ़ती मांग के साथ जोड़कर हम अपने व्यापार में विविधता लाएंगे और नए निवेश को आकर्षित करेंगे। इस तरह हम 2030 तक भारत के साथ अपने व्यापार को दोगुना से अधिक बढ़ाकर 70 बिलियन डॉलर तक पहुंचाएंगे।"
प्रतिनिधिमंडल में एयरोस्पेस और अंतरिक्ष, स्वच्छ प्रौद्योगिकियों और ऊर्जा संक्रमण, सूचना और संचार प्रौद्योगिकी, जीवन विज्ञान और कृषि-खाद्य क्षेत्रों के व्यवसाय शामिल हैं।
ट्रेड कमिश्नर सर्विस ने भी वानिकी और लकड़ी उत्पादों को मिशन के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सूचीबद्ध किया है, जिसमें बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें, साइट विजिट और कनाडाई ट्रेड कमिश्नरों द्वारा ब्रीफिंग जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
यह मिशन कनाडा-भारत व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर वार्ता के पांचवें दौर के बाद हो रहा है, जो 5 से 9 अक्टूबर तक ओटावा में आयोजित हुआ था।











