पन्ना, अमित सिंह राठौर। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहाँ अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि सत्ताधारी दल के बड़े नेता भी अब सुरक्षित नहीं हैं। बीती रात अज्ञात उपद्रवियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा के घर के बाहर खड़ी उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए भारी तोड़फोड़ की।
सुनियोजित तरीके से किया हमला, गाड़ी के शीशे किए चकनाचूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा के निवास के सामने उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी (MP 35 ZC 1673) खड़ी हुई थी। रात के सन्नाटे में आए अज्ञात बदमाशों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत गाड़ी पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस हमले में वाहन के आगे और पीछे के कांच पूरी तरह से टूटकर बिखर गए।
भाजपा का प्रतीक चिन्ह और नेमप्लेट भी तोड़ी
हमलावरों ने न सिर्फ गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया, बल्कि अपनी खुन्नस निकालने के लिए वाहन पर लगी आधिकारिक नेम प्लेट को भी तोड़ दिया। इसके अलावा गाड़ी पर लगे भाजपा के प्रतीक चिन्ह कमल के फूल और झंडे को भी उखाड़कर नष्ट कर दिया गया। सुबह जब स्थानीय लोगों और परिजनों ने यह दृश्य देखा तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बारीकी से साक्ष्य एकत्र किए हैं। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है। आसपास के इलाकों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














