मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। नवरात्रि के पावन पर्व पर बिजली की लगातार जा रही सप्लाई से मंदसौर जिले में हाहाकार मचा हुआ है। देर रात तक घंटों अंधेरा रहने से परेशान ग्रामीणों का सब्र आखिर टूट गया और वे विरोध में सड़कों पर उतर आए।

बिजली सब-स्टेशन का किया घेराव, जमकर की नारेबाजी

नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिजली विभाग के सब-स्टेशन का रुख किया और वहां पहुंचकर कड़ा विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि त्योहारों के समय में भी लोड शेडिंग के नाम पर घंटों कटौती की जा रही है, जिससे उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

मच्छरों का आतंक और चोरी का बढ़ा खतरा

रात भर बिजली गुल रहने से लोग सो नहीं पा रहे हैं। एक तरफ जहां मच्छरों के प्रकोप से बुरा हाल है, वहीं दूसरी तरफ रात के अंधेरे में चोरी होने का डर लगातार सता रहा है। ग्रामीण अपनी और अपने परिवारों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।

मांग पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द ही निर्बाध बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई, तो वे अपने आंदोलन को और ज्यादा तेज करेंगे। ग्रामीणों ने त्योहारों के मद्देनजर तुरंत बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।