मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। मुरैना में मणिपुर के एक मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद डॉ. बिमोल अकोइजम से जुड़े विवाद को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। हनुमान चौराहे पर आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी का पुतला फूंका।

कांग्रेस के रुख पर खड़े किए गंभीर सवाल

प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री राधिका तोमर ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की वकालत करने वाली कांग्रेस पार्टी इस संवेदनशील मामले में चुप्पी साधकर बैठी है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि महिला सम्मान के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का दोहरा मापदंड बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

'राहुल गांधी दें इस मामले पर स्पष्ट जवाब'

राधिका तोमर ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को घेरते हुए सीधा सवाल किया कि जो नेता महिलाओं के सम्मान के बड़े-बड़े दावे करते हैं, वे इस मामले में संबंधित सांसद से इस्तीफा क्यों नहीं मांग रहे हैं? उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं का सम्मान केवल चुनावी भाषणों और राजनीतिक मंचों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह राजनीतिक दलों के फैसलों और कार्रवाई में भी नजर आना चाहिए।

प्रमुख नेताओं की रही मौजूदगी

इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाह, प्रदेश मंत्री श्रीमती रीना दंडोतिया, महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती रीना शर्मा, जिला महामंत्री राधिका तोमर, निधि गुप्ता, कल्पना सेंगर, बिट्टी खटीक, तृप्ति कुलश्रेष्ठ समेत तमाम प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।