छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनके दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। अज्ञात चार पहिया वाहन द्वारा बाइक को जोरदार टक्कर मारे जाने के बाद यह हादसा हुआ। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है, वहीं घायल बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे पिता और दोनों बच्चे
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुलगंज निवासी 33 वर्षीय धनीराम अहिरवार (पिता भुल्ला अहिरवार) अपने दो बच्चों—8 वर्षीय बेटे क्रिष अहिरवार और 10 साल की बेटी कल्पना अहिरवार के साथ बाइक पर सवार होकर गुलगंज से किसी ढाबे पर खाना खाने के लिए निकल थे। जैसे ही उनकी बाइक गुलगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डिकोली तिगड्डे के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढिए: सीहोर के कोसमी गांव में आदिवासियों पर बुलडोजर कार्रवाई: कार्तिकेय सिंह चौहान ने बताया 'अमानवीय', मानवाधिकार आयोग जाने का ऐलान
अस्पताल में पिता मृत घोषित, बच्चों का आईसीयू में इलाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तुरंत आपातकालीन स्थिति में छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद धनीराम अहिरवार को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में ही औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे में घायल दोनों बच्चों (क्रिष और कल्पना) को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल की पीआईसीयू (बाल गहन चिकित्सा इकाई) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
अचानक हुई इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।












