भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित पदयात्रा पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि दिग्विजय सिंह श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए पदयात्रा निकालते हैं तो वह स्वयं और पूरा हिंदू समाज उनके साथ चलेगा। शर्मा ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह ने कारसेवा से लेकर श्रीराम मंदिर निर्माण तक लगातार विरोध किया और बाबरी मस्जिद के पक्ष में खड़े रहे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए दिया गया चंदा वापस लेने की बात पहली बार सुनने को मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सनातन धर्म को बदनाम करने के उद्देश्य से निकाली जा रही ऐसी यात्राएं कांग्रेस की अंतिम यात्रा साबित होंगी।


इसी दौरान रामेश्वर शर्मा ने नए वक्फ अधिनियम के तहत मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के पुनर्गठन का समर्थन करते हुए कहा कि वक्फ की संपत्तियां देश की संपत्ति हैं और उनका उपयोग गरीबों के हित में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किए गए संशोधनों के तहत बोर्ड में दो हिंदू सदस्यों को शामिल किया गया है, जिनका उद्देश्य भी गरीबों का कल्याण करना है। शर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा किसी भी मुस्लिम समुदाय को परेशान करने की नहीं है, बल्कि उन लोगों पर कार्रवाई होना चाहिए जो वक्फ संपत्तियों का गलत तरीके से लाभ उठा रहे हैं।