टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिले के नन्ही टेहरी स्थित उचित मूल्य की दुकान पर गरीब हितग्राहियों को वितरित किए जा रहे गेहूं की बोरी से कथित रूप से जानवर के सिर और पैर की हड्डियां मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद हितग्राहियों ने राशन लेने से इंकार कर दिया, जबकि खाद्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर राशन वितरण रोक दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम लक्ष्मणपुरा की उचित मूल्य दुकान बंद होने के कारण वहां के हितग्राहियों को नन्ही टेहरी की दुकान से राशन वितरित किया जा रहा था। सोमवार को हितग्राही कोमल लोधी और परम लोधी के सामने जब गेहूं की बोरी खोली गई तो उसमें संदिग्ध हड्डियां दिखाई दीं। इसके बाद पूरी बोरी खाली कराई गई, जिसमें गेहूं के बीच कथित रूप से जानवर के सिर और पैर की हड्डियां मिलीं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और नाराज हितग्राहियों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए राशन लेने से मना कर दिया।

सूचना मिलने पर खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। एहतियातन राशन वितरण तत्काल बंद कर दुकान को सील कर दिया गया। अधिकारियों ने प्रभावित गेहूं को वापस लेकर उसके स्थान पर नया और सुरक्षित राशन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।