भोपाल, जीतेन्द्र यादव। दतिया उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने प्रस्तावित स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने चुनाव प्रचार की कमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सौंपी है, जो पूरे अभियान की अगुवाई करेंगे। भाजपा ने चुनाव में पूरी ताकत झोंकते हुए प्रदेश और केंद्र के कई वरिष्ठ नेताओं को प्रचार की जिम्मेदारी दी है।

जारी सूची के अनुसार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक भी दतिया में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। इसके अलावा प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल को भी स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है। भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी स्टार प्रचारकों की सूची में रखा है। वहीं कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता भी चुनावी सभाओं और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएंगे। भाजपा का लक्ष्य उपचुनाव में पूरी ताकत के साथ जीत दर्ज करना है।