छतरपुर, संजय अवस्थी। जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम झमटुली में बन्ने नदी के पास की सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। देवगांव से देवरा को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग पिछले डेढ़ साल से अत्यधिक जर्जर स्थिति में है, जिससे क्षेत्र के निवासियों और राहगीरों का आना-जाना दूभर हो गया है। सड़क की खस्ताहाली के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
बारिश में बिगड़े थे हालात, अब तक मरम्मत नहीं
स्थानीय ग्रामीण रज्जन पाण्डेय के अनुसार, पिछले वर्ष हुई भारी बारिश के दौरान यह सड़क खराब हो गई थी। डेढ़ साल का लंबा समय बीत जाने के बाद भी जिम्मेदार विभागों द्वारा इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं और सड़क की पटरियां भी पूरी तरह टूट चुकी हैं।
सुरक्षा के इंतजाम गायब, नदी के पास दुर्घटना का बड़ा खतरा
ये भी पढ़ें




बन्ने नदी के समीप स्थित इस मार्ग पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। नदी के दोनों ओर पुलिया या सड़क किनारे किसी प्रकार की रैलिंग न होने के कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के नदी में गिरने का अंदेशा बना रहता है। अंधेरे या बारिश के समय यह मार्ग और भी अधिक खतरनाक साबित हो रहा है।
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
ग्रामीणों द्वारा इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कई बार सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज कराई गईं, परंतु प्रशासनिक अधिकारियों की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारियों के इस रवैये से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
कलेक्ट्रेट में उग्र आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामीण एकजुट होकर जिला कलेक्ट्रेट के सामने धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।











