पन्ना, अमित सिंह। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले अंतर्गत उत्तर सामान्य वनमंडल के जंगल में भैंस की तलाश करने गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इस हमले में ग्रामीण के सिर में चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अमले ने तत्परता दिखाते हुए घायल ग्रामीण को तत्काल उपचार के लिए शासकीय जिला चिकित्सालय पन्ना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।


विक्रमपुर बीट में भैंस ढूंढते समय हुआ हमला, अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पन्ना वन परिक्षेत्र की विक्रमपुर बीट के अंतर्गत ग्राम मटवाकलां निवासी 58 वर्षीय देवी सिंह यादव अपनी भैंस की तलाश करते हुए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद एक भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी पन्ना अपने अमले के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल ग्रामीण को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पन्ना भिजवाया। शासन के प्रावधानों के तहत वन परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा पीड़ित को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है। इसके साथ ही उप वनमंडल अधिकारी एवं संबंधित वनाधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल देवी सिंह यादव और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

पन्ना टाइगर रिजर्व से सटा है क्षेत्र, वन विभाग ने ग्रामीणों के लिए जारी की एडवाइजरी

गौरतलब है कि उत्तर सामान्य वनमंडल पन्ना के अंतर्गत आने वाला यह वन क्षेत्र पन्ना टाइगर रिजर्व की सीमा से लगा हुआ है, जहां भालू सहित विभिन्न वन्यप्राणियों की अच्छी-खासी मौजूदगी रहती है। इस घटना के मद्देनजर वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण जंगल में अकेले प्रवेश न करें, हमेशा समूह में ही जाएं और शाम ढलने से पहले सुरक्षित वापस लौट आएं। इसके अतिरिक्त, जंगल में घनी झाड़ियों वाले संकरे रास्तों से बचने तथा किसी भी वन्यप्राणी के दिखाई देने पर शोर मचाने या पत्थर फेंकने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाकर उसे रास्ता देने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने कहा है कि वन्यप्राणी दिखने या किसी के घायल होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी वनरक्षक या वन कर्मचारी को सूचित करें, क्योंकि वन्यप्राणियों से दूरी और समझदारी ही सुरक्षा का सबसे बेहतर उपाय है।