दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन किए और जीत का आशीर्वाद लिया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव सहित कांग्रेस और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।


नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में घनश्याम सिंह ने चुनाव में अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सीधी लड़ाई भारतीय जनता पार्टी से है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजाद समाज पार्टी भारतीय जनता पार्टी की "बी टीम" के रूप में काम कर रही है और जनता उसे समर्थन नहीं देगी।


दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के भी सोमवार दोपहर दो बजे नामांकन दाखिल करने का कार्यक्रम निर्धारित है। उपचुनाव को लेकर दतिया में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और प्रमुख दलों ने चुनाव प्रचार को धार देना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला और रोचक होने की संभावना है।