इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को इंदौर से भोपाल तक 200 किलोमीटर की साइक्लोथॉन यात्रा की शुरुआत की। राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत निकाली जा रही यह यात्रा नीट-यूजी, सीबीएसई परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित की जा रही है। यात्रा सोमवार सुबह आरएनटी (रवींद्रनाथ टैगोर) मार्ग से शुरू हुई, जो पहले दिन देवास पहुंची और रात्रि विश्राम सीहोर जिले के आष्टा में होगा। दूसरे दिन यात्रा भोपाल के लिए रवाना होगी।
देवास में मीडिया से बातचीत करते हुए जीतू पटवारी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हर पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामलों के पीछे भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आती रही है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। पटवारी ने कहा कि यह यात्रा छात्रों की आवाज बुलंद करने और देश के भविष्य की रक्षा के उद्देश्य से निकाली जा रही है। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह "मगरमच्छ की मोटी चमड़ी वाली सरकार" है, जिस पर शायद असर न पड़े, लेकिन जनता तक यह संदेश जरूर पहुंचेगा।
कांग्रेस के अनुसार, इंदौर से भोपाल तक यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले से लगभग 500 साइकिल यात्री अभियान से जुड़ेंगे। इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल सहित विभिन्न जिलों के करीब दो हजार से अधिक कार्यकर्ता, छात्र और युवा इस साइक्लोथॉन में भाग लेंगे। कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर जारी रहेगा।




