भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यूसीसी पर गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। अब कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि इस विषय पर उसका रुख क्या है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अब तक अपनी स्थिति साफ नहीं की है, जो उसके दोहरे रवैये को दर्शाता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भोजशाला और यूसीसी जैसे मुद्दों का विरोध किया है तथा हर विषय को हिंदू-मुस्लिम के नजरिए से देखने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सरकार यूसीसी की अच्छाइयों और उसके वास्तविक उद्देश्य को जनता के सामने रखेगी, ताकि लोगों को इसकी सही जानकारी मिल सके।


डॉ. मोहन यादव ने बताया कि यूसीसी पर विभिन्न समुदायों के लोगों ने समिति के समक्ष अपने सुझाव और विचार रखे हैं। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज सहित सभी वर्गों से संवाद किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया तय करेगी।