छतरपुर, संदीप यादव। जिले के बिजावर थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम भरतपुरा में सांप के डसने से एक युवक की हालत गंभीर हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 वर्षीय नारायण रैकवार पुत्र खुम्मन रैकवार शाम के समय अपने घर पर हाथ-मुंह धो रहे थे। जब वह कमरे में रखी खाद की बोरी पर रखी तौलिया उठाकर मुंह पोंछ रहे थे, तभी वहां छिपे एक जहरीले सांप ने उनके पैर में डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और वे तुरंत युवक को निजी वाहन से बिजावर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर आशुतोष चतुर्वेदी ने तुरंत युवक का प्राथमिक उपचार किया और उसकी हालत को देखते हुए उसे पुरुष मेडिकल वार्ड में भर्ती कर दिया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। इस अचानक हुई घटना से पीड़ित परिवार बेहद चिंतित है, हालांकि समय पर अस्पताल पहुंचने और डॉक्टरों द्वारा त्वरित इलाज मिलने से युवक की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है। ग्रामीण इलाकों में ठंड और बरसात के दिनों में इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे लोगों में सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।
ये भी पढ़ें













