नई दिल्ली। डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड ने शनिवार को मिजोरम के खिलाफ छह विकेट से जीत के साथ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में अपने खिताब के बचाव की शुरुआत की है। वहीं, लीग चरण के पहले दिन सौराष्ट्र, आंध्र और गुजरात ने भी जीत हासिल की।मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में झारखंड को 77 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए केवल 8.3 ओवर लगे। टीम ने लक्ष्य को 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इससे पहले हर्ष राज (3-16) के नेतृत्व में झारखंड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिजोरम की पूरी टीम को 76 रनों पर समेटा। रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में शानदार बल्लेबाजी करने वाले चिन्मय सुतार, जिन्होंने नगालैंड के खिलाफ नाबाद 400 रन बनाए थे, इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके और 15 गेंदों में सिर्फ 19 रन बनाकर आउट हो गए।
महज 76 रनों पर ऑलआउट होने के चलते मिजोरम के पास वापसी करने का कोई मौका नहीं रहा। झारखंड के लिए उत्कर्ष सिंह ने 26 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे। झारखंड ने चार विकेट गंवाने के बावजूद आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
वहीं इंदौर के होल्कर स्टेडियम में बिहार के कप्तान के रूप में वैभव सूर्यवंशी का पहला मैच हार के साथ समाप्त हुआ। एलीट ग्रुप बी के मुकाबले में सौराष्ट्र ने 138 रनों के लक्ष्य को 21 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया और पांच विकेट से जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने 9 विकेट खोकर 137 रन बनाए। पृथ्वी राज ने 27 गेंदों पर सर्वाधिक 38 रन बनाए (जिसमें चार छक्के शामिल थे), जबकि अल्तमिश ने 24 रनों का योगदान दिया। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की नजरें मुख्य रूप से वैभव सूर्यवंशी पर थीं, लेकिन वह बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 12 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए।
सौराष्ट्र के लिए चेतन सकारिया ने अपने चार ओवरों में 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि प्रेरक मांकड़ ने और भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 3-20 के आंकड़े के साथ अपना स्पेल पूरा किया। कप्तान जयदेव उनादकट और क्रैन्स फुलेत्रा ने एक-एक विकेट लिया। सौराष्ट्र के लिए लक्ष्य का पीछा करते हुए हरवंश सिंह ने सिर्फ 11 गेंदों में 33 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं, हार्विक देसाई ने 21 रन बनाए। रुचित अहीर और सिद्धांत राणा 21-21 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम ने 16.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। बिहार के लिए सूरज कश्यप सबसे अच्छे गेंदबाज रहे, जिन्होंने 39 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, सकारिया को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
न्यू चंडीगढ़ में एलीट ग्रुप सी के एक मुकाबले में आंध्र ने त्रिपुरा को 43 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आंध्र की टीम अपने 20 ओवरों में 141/9 का स्कोर ही बना सकी, जिसमें एसएनडीवी प्रसाद ने 33 गेंदों में नाबाद अर्धशतक लगाया। मगर यह स्कोर काफी साबित हुआ, क्योंकि त्रिपुरा की पूरी टीम 17.2 ओवर में 98 रन पर सिमट गई।
आंध्र के तेज गेंदबाज चीपुरापल्ली स्टीफन और केवी शशिकांत ने तीन-तीन विकेट लिए। त्रिपुरा के बल्लेबाज बिना किसी संघर्ष के आउट हो गए और अपने पूरे ओवर भी नहीं खेल पाए। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आशुतोष शर्मा (9 गेंदों में नाबाद 20 रन) और विशाल जायसवाल (8 गेंदों में नाबाद 22 रन) की शानदार पारियों की बदौलत गुजरात ने 250/9 का स्कोर खड़ा किया, जो 21 रनों की जीत पक्की करने के लिए काफी था।
कप्तान उर्विल पटेल ने 30 गेंदों में 62 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल थे। वहीं, अपना डेब्यू कर रहे स्पिन-ऑलराउंडर खिलन पटेल ने सिर्फ 29 गेंदों में 84 रन बनाए। उनकी इस पारी में छह चौके और आठ छक्के शामिल रहे। ओडिशा के लिए ललित यादव और देबब्रत प्रधान ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया और तीन-तीन विकेट लिए।
सुभ्रांशु सेनापति की 49 गेंदों में 87 रनों की पारी और कार्तिक बिस्वाल की 32 गेंदों में 55 रनों की पारी के बावजूद, ओडिशा लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका और 8 विकेट खोकर 229 रन ही बना सका। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जन नागवासवाला ने 50 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने अपने चार ओवरों में 37 रन देकर 2 विकेट चटकाए।















