दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आज नामांकन जमा करने के अंतिम दिन (13 जुलाई 2026, सोमवार) सियासी हलचल ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है। भारतीय जनता पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस ने भी 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के साथियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी भारी ताकत का अहसास कराया। कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व विधायक घनश्याम सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना अधिकृत नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। घनश्याम सिंह के नामांकन दाखिल करने के दौरान विपक्ष का पूरा शीर्ष नेतृत्व कलेक्ट्रेट कार्यालय में एक साथ नजर आया, जिसने इस चुनाव को बेहद कड़ा और दिलचस्प बना दिया है।


कलेक्ट्रेट में दिखा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दिग्गज नेता रहे साथ

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह जब कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय पहुंचे, तो उनके साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस के तमाम बड़े चेहरे और रणनीतिकार मौजूद थे। नामांकन के इस अहम मौके पर उनके साथ मुख्य रूप से शामिल रहे:


जीतू पटवारी (पीसीसी चीफ), उमंग सिंघार (नेता प्रतिपक्ष), दिग्विजय सिंह (पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता), राजेंद्र भारती (पूर्व विधायक, जिनकी सदस्यता रद्द होने से सीट खाली हुई)


नामांकन दाखिल करने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में मीडिया से बात करते हुए पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने पूरी गर्मजोशी के साथ एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता के सम्मान और अधिकारों के लिए पूरी कांग्रेस एक है और हम सब मिलकर घनश्याम सिंह को ऐतिहासिक मतों से जिताएंगे।


'इंडिया' गठबंधन धर्म का पालन: सपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव भी पहुंचे

दतिया उपचुनाव में केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि विपक्षी 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन की एकजुटता भी धरातल पर साफ दिखाई दी। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे दतिया के इस रण में समाजवादी पार्टी (सपा) ने पहले ही कांग्रेस प्रत्याशी को बिना शर्त अपना खुला समर्थन देने का ऐलान किया था। आज इस गठबंधन धर्म को निभाते हुए समाजवादी पार्टी के मध्य प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ विशेष रूप से दतिया पहुंचे और घनश्याम सिंह के नामांकन का हिस्सा बने। "दतिया उपचुनाव में समाजवादी पार्टी पूरी ईमानदारी के साथ 'इंडिया गठबंधन धर्म' का पालन कर रही है। हमारे कार्यकर्ता जमीन पर कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। घनश्याम सिंह यहां से प्रचंड बहुमत के साथ चुनाव जीतेंगे और इंडिया गठबंधन दतिया की धरती से भ्रष्टाचार और भय की राजनीति को हमेशा के लिए खत्म करने का काम करेगा।" — मनोज यादव, प्रदेश अध्यक्ष (सपा)


त्रिकोणीय और कड़े मुकाबले की ओर बढ़ा दतिया का रण

आज नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही दतिया उपचुनाव की पूरी तस्वीर साफ हो चुकी है। अब इस हाई-प्रोफाइल सीट पर सीधा मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है:


  1. भाजपा: आशुतोष तिवारी (मुख्यमंत्री मोहन यादव और डॉ. नरोत्तम मिश्रा की अगुवाई में)
  2. कांग्रेस (+ सपा): कुंवर घनश्याम सिंह (जीतू पटवारी, दिग्विजय सिंह और राजेंद्र भारती के चक्रव्यूह के साथ)
  3. आजाद समाज पार्टी: दामोदर यादव (सांसद चंद्रशेखर आजाद की सक्रिय एंट्री के साथ)


एक तरफ जहां भाजपा सरकार के विकास कार्यों और नरोत्तम मिश्रा के प्रभाव के भरोसे मैदान में है, वहीं कांग्रेस एकजुटता, सामाजिक समीकरणों और राजेंद्र भारती के प्रति सहानुभूति के दम पर मैदान मारना चाहती है। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले दतिया की सड़कों पर अब दिग्गजों का सियासी संग्राम और तेज होने जा रहा है।