छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक 12 वर्षीय छात्रा के कथित अपहरण के प्रयास की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सारानी दरवाजा के समीप जब छात्रा शासकीय स्कूल जा रही थी, तभी एक चारपहिया वाहन में सवार नकाबपोश युवकों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने कथित रूप से छात्रा को खाने की सामग्री देने का लालच देकर बहलाने-फुसलाने की कोशिश की और अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे।


बताया जा रहा है कि जब खाने की सामग्री के लालच में छात्रा नहीं आई, तो वाहन सवार आरोपियों ने उसे जबरन गाड़ी के अंदर बैठाने का प्रयास किया। इस अप्रत्याशित संकट के बीच मासूम छात्रा ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत उसकी मदद के लिए मौके की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को भारी संख्या में अपनी ओर आता देख चारपहिया वाहन में सवार नकाबपोश आरोपी बुरी तरह घबरा गए और छात्रा को वहीं छोड़कर वाहन सहित मौके से तेजी से फरार हो गए। वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और छात्रा को पूरी तरह सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर सिटी कोतवाली थाना लेकर आया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी ने महिला सुरक्षा बल की टीम के साथ फौरन घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण किया।


सिटी कोतवाली पुलिस ने वारदात के समय की कड़ियों को जोड़ने के लिए घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है। फरार नकाबपोश बदमाशों की पहचान स्थापित करने और उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें प्रयास कर रही हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार, फिलहाल छात्रा पूरी तरह सुरक्षित है और उसके परिजनों को ढांढस बंधाया गया है।