छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। गणेशोत्सव के पावन पर्व पर छिंदवाड़ा शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और एक्शन मोड में नजर आ रहा है। त्योहार के दौरान हुड़दंगियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए एसपी अजय पांडे के सख्त निर्देश पर शहर के संवेदनशील इलाकों में लगातार पुलिस बल का पैदल मार्च जारी है। इसी कड़ी में बीती रात चेकिंग के दौरान कोतवाली पुलिस ने शहर में तेज आवाज करते हुए दौड़ रही एक ऐसी बुलेट बाइक को जब्त किया, जिसकी नंबर प्लेट पर अनाधिकृत रूप से 'पुलिस' लिखा हुआ था।
गणेश चतुर्थी के बाद से ही छिंदवाड़ा शहर के बाजारों और प्रमुख पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए कोतवाली टीआई आशीष धुर्वे पुलिस बल के साथ देर रात तक सड़कों पर गश्त और पैदल मार्च कर रहे हैं। बीती रात भी जब पुलिस टीम शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी तेज कर्कश आवाज (मॉडिफाइड साइलेंसर) करती हुई एक बुलेट बाइक पुलिस के निशाने पर आई।
पुलिस ने जब संदेह होने पर बाइक को रोककर उसकी पड़ताल की, तो नजारा चौंकाने वाला था। बाइक की नंबर प्लेट पर बड़े अक्षरों में 'पुलिस' अंकित था। जब चालक से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की गई, तो नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पर 'पुलिस' लिखा होना और साइलेंसर से तेज आवाज का होना पाया गया। कोतवाली पुलिस ने बिना किसी ढिलाई के तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त बुलेट बाइक को मौके से जब्त कर लिया और आगे की वैधानिक व मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए कोतवाली थाने भिजवा दिया। टीआई आशीष धुर्वे ने साफ संकेत दिया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, वाहनों से स्टंट या अनाधिकृत नेमप्लेट लगाने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
आशीष धुर्वे (टीआई, कोतवाली, छिंदवाड़ा):
"गणेश उत्सव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार शहर में लगातार पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बीती रात चेकिंग के दौरान तेज आवाज निकालने वाली एक बुलेट बाइक पकड़ी गई है, जिसकी नंबर प्लेट पर 'पुलिस' लिखा हुआ था। वाहन को जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। त्योहार में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।"




