उज्जैन, अशोक दायमा। उज्जैन के देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में देर रात सफाई के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। होटल परिसर के ओवरग्राउंड चेंबर को साफ करने के उद्देश्य से उतरे चार सफाईकर्मी अचानक जहरीली गैस की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों चेंबर के भीतर ही फंस गए और दम घुटने से उनकी मौके पर ही दुखद मौत हो गई।
डेढ़ घंटे चला कटर मशीन से रेस्क्यू ऑपरेशन, चेंबर का गेट काटकर निकाले गए शव
घटना की जानकारी मिलते ही माधव नगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चेंबर का ढांचा ऐसा था कि तत्काल कटर मशीन की सहायता से उसके गेट को काटना पड़ा। लगभग डेढ़ घंटे तक चले गहन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों व्यक्तियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में कमलेश, नितिन, वाहिद और मनोज शामिल, राहत कार्य में पुलिसकर्मी भी प्रभावित
हादसे में जान गंवाने वाले तीन मृतकों की पहचान कमलेश तंबोली, नितिन, वाहिद और मनोज मीणा के रूप में हुई है, जबकि चौथे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। वहीं, चेंबर में फंसे लोगों को बचाने के चक्कर में उतरे तीन अन्य नागरिकों की तबियत भी जहरीली गैस की वजह से अचानक बिगड़ गई। रेस्क्यू के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हुए हैं।
कलेक्टर और एसपी ने संभाला मोर्चा, हादसे के कारणों की जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायलों के उपचार का जायजा लिया और होटल प्रबंधन की लापरवाही एवं सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जांच के आदेश दिए हैं।















