मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शामगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 509 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा पकड़ा है। पुलिस ने ग्राम टकरावद फंटा पर घेराबंदी कर एक बिना नंबर के लाल रंग के मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर भारी मात्रा में डोडाचूरा बरामद हुआ।


मौके से पुलिस ने आरोपी चालक रमेश प्रजापति (51 वर्ष, निवासी शक्करखेड़ी) को गिरफ्तार कर लिया। जब्त किए गए अवैध डोडाचूरा की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग ₹1 करोड़ 1 लाख तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत करीब ₹10 लाख आंकी गई है, जिससे कुल जब्त मशरूका ₹1 करोड़ 11 लाख बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने तस्करी के इस खेल में शक्करखेड़ी निवासी कुशलम पाटीदार की संलिप्तता का खुलासा किया है, जिसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है।


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शामगढ़ पुलिस अब इस अवैध मादक पदार्थ के नेटवर्क, खरीद-फरोख्त के स्रोतों और सप्लाई चैन की सघन पड़ताल कर रही है कि आखिर नशे की यह बड़ी खेप कहां और किसे पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।