सागर, स्वाती सोलंकी। मध्य प्रदेश के सागर जिले अंतर्गत राहतगढ़ थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम टेहरा टेहरी में रामझरिया मंदिर के समीप एक खेत में लावारिस बैग के भीतर नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में नवजात का शव पड़े होने की खबर जंगल में आग की तरह फैलते ही मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, ग्राम टेहरा टेहरी स्थित किसान शंकर शर्मा के खेत में एक संदिग्ध लावारिस बैग पड़ा हुआ था। जब खेत मालिक की नजर उस बैग पर पड़ी और उन्होंने पास जाकर देखा, तो बैग के अंदर एक नवजात बच्ची का शव दिखाई दिया। यह मंजर देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने बिना देर किए तुरंत गांव के कोटवार निरंजन अठ्या को पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही कोटवार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत राहतगढ़ थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही राहतगढ़ थाना पुलिस का दल बल सहित घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने मौके का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने नवजात बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और मर्ग कायम करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
खेत में बैग के भीतर नवजात का शव मिलने की इस अमानवीय घटना ने क्षेत्र में कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर उस मासूम बच्ची को खेत तक कौन लेकर आया? किसने इतनी बेरहमी से उसे बैग में बंद कर लावारिस हालत में फेंक दिया? क्या सामाजिक लोकलाज के डर से जन्म के तुरंत बाद उसे वहां फेंका गया या फिर इस मामले के पीछे कोई अन्य वजह है? राहतगढ़ पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और आसपास के ग्रामीणों व स्वास्थ्य केंद्रों से हाल ही में हुए प्रसवों की जानकारी जुटाकर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
















