सागर/बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। बीना के खिमलासा थाना क्षेत्र के बसाहारी दरवाजा वार्ड में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को ठेंगा दिखाते हुए दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके के रहवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

खेत गए थे परिवार के लोग, पीछे से बदमाशों ने बोला धावा

मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी पूरन पाल, जो कि केथा का व्यवसाय करते हैं, घटना के समय अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर खेत पर काम करने गए थे। घर पर कोई नहीं था, जिसका फायदा उठाकर शातिर चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। शाम के वक्त जब फरियादी की बेटी वापस घर लौटी, तो उसने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है।

पलंग पेटी तोड़कर उड़ाई नगदी और जेवरात

घर के अंदर दाखिल होने के बाद चोरों ने बेडरूम में रखी पलंग पेटी का ताला तोड़ा। इसके अंदर रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नकदी चोर समेटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की भनक पड़ोसियों को भी नहीं लग पाई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर से विशेष फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस का दावा है कि जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी मदद से आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।