छतरपुर, संदीप यादव। भारतीय जनता पार्टी द्वारा हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा सीट का प्रत्याशी बनाए जाने के विरोध में छतरपुर में कांग्रेस पार्टी आक्रामक हो गई है। प्रवक्ता संतोष तिवारी ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया तथा केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि ऐसे समय में जब देश और प्रदेश की गरिमा से जुड़े मुद्दों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, भाजपा द्वारा इस प्रकार के निर्णय लिया जाना जनता की भावनाओं के विपरीत है। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि जब तक इस तरह के निर्णयों पर पुनर्विचार नहीं किया जाता, उनका विरोध इसी तरह जारी रहेगा। इस उग्र प्रदर्शन के चलते स्थानीय राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है।