छतरपुर/ईशानगर, शिवाकांत मिश्रा। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत रामपुर कुर्रा आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में कार्यकर्ता के पद पर सेवाएं दे रहीं श्रीमती जमुना असाटी 35 वर्षों के लंबे सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त हो गईं। उनकी सेवानिवृत्ति पर ईशानगर सेक्टर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा भावभीना विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन ईशानगर स्थित गढ़ी मंदिर के पास आंगनबाड़ी केंद्र में किया गया। इस अवसर पर सेक्टर सुपरवाइजर विंध्या यादव, रेखा अहिरवार, आंगनबाड़ी केंद्र प्रभारी सुषमा त्रिपाठी एवं मिशन नीव के जिला समन्वयक ओमप्रकाश शुक्ला सहित उनकी बेटियां ज्योति एवं दिशा, दामाद संतोष एवं दीपक तथा परिवारजन और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

समारोह में वक्ताओं ने जमुना असाटी के 35 वर्षों के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका सरल स्वभाव और कार्य के प्रति लगन अन्य कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक रही है। इस दौरान सभी ने उन्हें सम्मानित कर सुखमय एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती जमुना असाटी ईशानगर के प्रतिष्ठित व्यापारी दीपक असाटी की माताजी हैं। उनकी सेवानिवृत्ति पर आयोजित विदाई समारोह में सहयोगियों की आंखें नम हो गईं। 35 वर्षों तक महिला एवं बाल विकास विभाग को दी गई उनकी सेवाओं को याद करते हुए सहकर्मियों ने भावभीनी विदाई दी।