सतना, सजल रजक। सतना शहर के डेलौरा स्थित गांधी सब्जी बाजार में मंडी बोर्ड की टीम ने औचक छापामार कार्रवाई करते हुए करीब 13 लाख रुपये मूल्य का 83 क्विंटल अवैध लहसुन जब्त किया है। भारसाधक अधिकारी व एसडीएम रघुराजनगर राहुल सिलाडिया के मार्गदर्शन तथा मंडी सचिव करुणेश तिवारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में दो फर्में बिना वैध मंडी लाइसेंस के कृषि उपज का अवैध भंडारण व कारोबार करते हुए पकड़ी गईं, जबकि एक अन्य संदिग्ध दुकान पर ताला लगे होने के कारण उसे सील कर दिया गया है। एसडीएम राहुल सिलाडिया ने स्पष्ट किया है कि मंडी शुल्क चोरी के इस गंभीर मामले में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा और दोनों फर्मों के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा।

जांच के दौरान पहली फर्म 'कामना ट्रेडर्स' के संचालक आनंद कुमार कुशवाहा के परिसर से 7 लाख 53 हजार 600 रुपये मूल्य का 48 क्विंटल लहसुन जब्त हुआ। संचालक ने सीहोर मंडी का जो गेट पास प्रस्तुत किया, वह वास्तव में प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) की फर्म के नाम से जारी हुआ था, जिसे प्रयागराज ले जाने के बजाय सतना में अवैध रूप से खपाया जा रहा था। वहीं दूसरी फर्म 'चंदन ट्रेडर्स' के संचालक चंदन कछवाहा के यहां से 5 लाख 49 हजार 500 रुपये मूल्य का 35 क्विंटल लहसुन साधारण पर्ची-बिल पर मिला, जिसे अमान्य ठहराया गया। जब्त लहसुन को सुरक्षित रखने के लिए लाइसेंसधारी व्यापारी की सुपुर्दगी में सौंपा गया है। मंडी प्रशासन अब दोनों संचालकों के विरुद्ध म.प्र. कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के तहत जिला न्यायालय में परिवाद पेश कर रहा है, साथ ही क्षेत्र में लापरवाही बरतने वाले मंडी निरीक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।