भोपाल। मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर देशभर के नेताओं ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दोनों प्रदेश समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों को छुएं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "विरासत का गौरव और विकास की नई उड़ान ही अब मध्यप्रदेश की नई पहचान है। प्रदेश में तेजी से हो रहे औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, बढ़ती कृषि विकास दर सहित पर्यटन सुविधाओं में तेज वृद्धि से प्रदेश की अर्थ-व्यवस्था को नई ऊर्जा, नया संबल मिला है।"

उन्होंने आगे लिखा, "इस पावन अवसर पर हम ऐसे प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जहां विकास का प्रकाश समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचे, हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर मिले और आने वाली पीढ़ियां समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश पर गर्व कर सकें।"

वहीं मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने कहा, "प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सुशासन, विकास और जनकल्याण के नित नए आयाम स्थापित करे, बाबा महाकाल से यही प्रार्थना है।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पोस्ट किया, 'भारत के हृदय, मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मां नर्मदा की पावन धारा, बाबा महाकाल का आशीर्वाद और गौरवशाली विरासत से समृद्ध मध्य प्रदेश का दिल्ली से विशेष नाता है। रीवा में सूरज की किरणें ऊर्जा बनती हैं, तो दिल्ली की मेट्रो को रफ्तार मिलती है। यही एक भारत, श्रेष्ठ भारत की जीवंत तस्वीर है।"

उन्होंने आगे लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों को छुए, यही मंगलकामना है।"

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "विंध्याचल सा भाल, नर्मदा का जल जिसके पास है, यहां ताप्ती और बेतवा का पावन इतिहास है। उर्वर भूमि, सघन वन, रत्न सम्पदा जहां अशेष है, स्वर-सौरभ-सुषमा से मंडित, मेरा मध्यप्रदेश है। प्रकृति के आंचल में निखरे, अनूठी ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समृद्धि से परिपूर्ण, मां नर्मदा के पावन प्रवाह से सिंचित भारत के हृदय-स्थल- मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को आत्मीय बधाई और शुभकामनाएं।"