मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के कुल 2,856 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक गुप्ता, अनिल उर्फ बॉबी गुप्ता और ईशान वर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में टर्मैंग, पीटार्मिन, टर्मिन्ड, मेफो और मेफप्रो कंपनियों के इंजेक्शन जब्त किए गए हैं। कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ड्रग्स एवं कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशीले इंजेक्शनों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शनों की बरामदगी से जिले में सक्रिय नशे के नेटवर्क को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।