नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक रविवार को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शक्ति प्रदर्शन कर रहा है। रैली में शामिल होने के लिए 19 विपक्षी दलों के नेता व कार्यकर्ता राजधानी पहुंचने लगे हैं। कार्यक्रम से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर प्रियंका गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई शीर्ष विपक्षी नेता रणनीति को लेकर एकत्रित हुए।


योजना के अनुसार, सभी प्रमुख नेता मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक पैदल मार्च निकालेंगे। इस मार्च को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अपील करते हुए लिखा— "दिल्ली, तैयार हो जाओ। वोट बचाओ, देश बचाओ। कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं। मगर, आना जरूर है।"


'कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं', रैली में पहुंचने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोगों से की अपील


विपक्ष ने इस महारैली में करीब 10 लाख लोगों के जुटने का दावा किया है, जबकि दिल्ली पुलिस का अनुमान करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने का है। हालांकि, मंच व्यवस्था, कुर्सियों और सुरक्षा बैरिकेडिंग के चलते मैदान की क्षमता 30 से 40 हजार लोगों की ही रह जाएगी। गौरतलब है कि पिछले 25 दिनों में विपक्षी दल इस मुद्दे पर 7वीं बार एकजुट हुए हैं, जबकि इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के दौरान छह बार विरोध प्रदर्शन किए जा चुके हैं। रैली के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और क्षेत्र को कई सुरक्षा जोन में बांटकर निगरानी रखी जा रही है।