पन्ना, अमित सिह राठौर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती यानी राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज छत्रसाल शासकीय अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पन्ना में एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस और उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ अभियान को धरातल पर सफल बनाने वाले समर्पित मास्टर ट्रेनर्स, प्राध्यापकों, शिक्षकों और पुलिस कर्मियों को इस दौरान प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा (सागर संभाग) डॉ. आर.के. गोस्वामी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान, रक्षित निरीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, कोतवाली नगर निरीक्षक श्री हेमंत नायक, शासकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरिजेश शाक्य सहित जिले के सभी शासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. आर.के. गोस्वामी ने सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।

युवाओं को जागरूक करने का अनूठा अभियान

‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना है। पन्ना जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में चलाए गए इन जागरूकता सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, सड़क सुरक्षा, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा और डायल 112 प्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, उन्हें थानों और कंट्रोल रूम का शैक्षणिक भ्रमण करवाकर पुलिस कार्यप्रणाली से भी रूबरू कराया गया।

इन प्रमुख मास्टर ट्रेनर्स और सहयोगियों का हुआ सम्मान

समारोह के दौरान अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले निम्नलिखित 8 प्रमुख मास्टर ट्रेनर्स व सहयोगियों को सम्मानित किया गया:

  • डॉ. जे.के. वर्मा (प्राचार्य, छत्रसाल शासकीय पीजी कॉलेज, पन्ना)
  • डॉ. अमरजीत साहू (सह प्राध्यापक - अर्थशास्त्र)
  • सुश्री मनीषा शर्मा (सह प्राध्यापक - वनस्पति शास्त्र)
  • श्री अजय कुमार राय (उच्च माध्यमिक शिक्षक)
  • श्री मनोज कुमार खरे (खेल शिक्षक)
  • श्री इमरान खान (प्रधान आरक्षक, पुलिस विभाग)
  • श्री भान सिंह यादव (प्रधान आरक्षक, पुलिस विभाग)
  • डायरेक्टर, आधार संस्था (एनजीओ प्रतिनिधि)

पुलिस और शिक्षा विभाग के समन्वय से मिल रही नई दिशा

समारोह को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान ने कहा कि सरदार पटेल के अखंड भारत के सपने को साकार करने के लिए युवा पीढ़ी का जागरूक और अनुशासित होना बेहद जरूरी है। ‘सृजन संवाद’ जैसे अभियान पुलिस और जनता के बीच की दूरियों को मिटाकर युवाओं में कानून के प्रति सम्मान जगा रहे हैं। वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे.के. वर्मा ने शिक्षा और पुलिस प्रशासन के इस समन्वय को युवाओं के लिए एक सकारात्मक कदम बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्राध्यापक, पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।