पन्ना, अमित सिह राठौर: पवई वृत्त के अंतर्गत आने वाले ग्राम जसवंतपुरा में आबकारी टीम ने मुखबिर की सूचना पर हीराबाई बंजारा पति किरण बंजारा (उम्र 50 वर्ष) के रिहायशी मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान से 4 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची महुआ शराब और 60 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। आबकारी टीम ने कानूनी प्रक्रिया के तहत मौके पर ही महुआ लहान के नष्टीकरण की कार्रवाई की।
जैतूपुरा के ढाबे पर छापा: बीयर केन और देशी मदिरा के साथ एक गिरफ्तार
दूसरे प्रकरण में आबकारी टीम ने ग्राम जैतूपुरा स्थित एक ढाबे पर औचक तलाशी ली। यह ढाबा नन्हे राजा पिता शिवराज सिंह परमार (उम्र 45 वर्ष) का बताया गया है। तलाशी के दौरान आरोपी के ढाबे से 10 केन बीयर और 21 पाव देशी मदिरा प्लेन जप्त की गई।
दोनों आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज, कुल कीमत 9500 रुपये
पकड़ी गई कुल अवैध मदिरा और सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 9,500 रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों हीराबाई बंजारा और नन्हे राजा के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
क्षेत्र के कई गांवों और ढाबों पर की गई सघन चेकिंग
अवैध मदिरा के संग्रहण, विक्रय और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आबकारी दल ने ग्राम जसवंतपुरा, जैतूपुरा, द्वारी, नयागांव और तारा के संदिग्ध स्थानों तथा ढाबों की सघन चेकिंग की। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई में शामिल आबकारी टीम के सदस्य
इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त पवई हरीश पांडेय, उप निरीक्षक विक्रांत जैन, आबकारी आरक्षक कुलदीप जाटव, रवि प्रकाश मिश्रा, उमाशंकर साहू, अपर्णा जैन, नगरसैनिक वीरेंद्र यादव, मोतीलाल प्रजापति, कौशल्या बाई, आकाश साहू और राजेश पटेल सक्रिय रूप से शामिल रहे।













