जबलपुर, अनुराग शुक्ला: शहर के मानस भवन में जन कल्याण संघ की ओर से 'सम्मान समारोह 2026' का एक भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के उन कर्मठ प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने जनसेवा के क्षेत्र में सराहनीय और निस्वार्थ योगदान दिया है। समारोह के दौरान संघ के बढ़ते जनाधार और समाजसेवा के कार्यों को पूरे प्रदेशभर में विस्तारित करने के संकल्प पर विशेष जोर दिया गया।

दिग्गजों की मौजूदगी ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा

समारोह में शहर और प्रदेश के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, महाधिवक्ता प्रशांत सिंह, शशांक शेखर, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू', और नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनके अलावा, हाई कोर्ट बार एसोसिएशन, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन और स्टेट बार एसोसिएशन के कई प्रतिष्ठित पदाधिकारी व गणमान्य अतिथि भी इस भव्य आयोजन के साक्षी बने।

जनसेवा और संगठन विस्तार का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में जन कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित कुरील, प्रदेश सचिव एडवोकेट विकास कुमार सोनी और कोषाध्यक्ष रॉबिन जैन ने सभी अतिथियों, समाजसेवियों एवं पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जन कल्याण संघ की यह जनहितकारी मुहिम निरंतर इसी प्रकार जारी रहेगी और आने वाले समय में संगठन का दायरा बढ़ाकर इसे पूरे मध्य प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।