नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 'एशियन गेम्स 2026' के भारतीय दल से मुलाकात की। पीएम से मुलाकात के बाद एथलीट्स ने खुशी जताते हुए देश के गौरव के लिए अपना शत प्रतिशत देने का वादा किया है।
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कुल 85 मेडल जीतकर मेडल टैली में चौथा स्थान अपने नाम किया, जिनमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे।
भारतीय एथलीट विथ्या रामराज ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 3 पदक जीते। उन्होंने महिलाओं की 4x400 मीटर रिले में देश के लिए गोल्ड जीता, जबकि मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में सिल्वर अपने नाम किया। महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में विथ्या के नाम ब्रॉन्ज मेडल रहा।
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद विथ्या रामराज ने 'आईएएनएस' से कहा, "हमारा लक्ष्य एलए 2028 ओलंपिक है, और उन्होंने हमसे कहा कि हम इसे जरूर हासिल करेंगे। बिल्कुल, हम ऐसा करके दिखाएंगे; हम अपने देश के गौरव के लिए अपना शत प्रतिशत देंगे। मैं बहुत खुश हूं, क्योंकि एशियन गेम्स जैसे किसी बड़े इवेंट के खत्म होने के बाद, हम हमेशा प्रधानमंत्री जी से मिलने आते हैं। इससे हमें बहुत खुशी मिलती है। मेडल जीतने के बाद, मुझे लगता है कि अगली बार जब मैं मेडल जीतूंगी, तो मुझे फिर से प्रधानमंत्री से मिलने का मौका मिलेगा।"
ब्रॉन्ज मेडलिस्ट नाविक नेत्रा कुमानन ने कहा, "मुझे लगता है कि पीएम मोदी का हमारे बीच आना बहुत प्रेरणादायक था। इससे पता चलता है कि हमारे लिए और देश के लिए यह कितनी बड़ी बात है कि हममें से इतने सारे खिलाड़ी पदक जीतकर लौटे हैं। ऐसे खिलाड़ियों में शामिल होना हमेशा सम्मान की बात होती है। उन्होंने जिन नई योजनाओं और बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) की बात की, उससे देश में खेलों के विकास के लिए काफी संभावनाएं पैदा हुई हैं। यह बहुत बड़ी बात है। मुझे उम्मीद है कि आगे चलकर स्थिति और भी बेहतर होती जाएगी।"
वहीं, सॉफ्ट टेनिस के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट जय मीणा ने कहा, "जब हमारे देश के नेता हमारा समर्थन करने आते हैं, खिलाड़ियों की सराहना करने के लिए हमारे बीच खड़े होते हैं और व्यक्तिगत रूप से हमारा हौसला बढ़ाते हैं, तो प्रधानमंत्री से ऐसा सम्मान मिलने से बड़ी खुशी और क्या हो सकती है? सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उनके विजन और नेतृत्व से प्रेरित होकर, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने टॉप्स और टैग जैसी योजनाओं के जरिए हर भारतीय खिलाड़ी की क्षमता को पूरी तरह से निखारने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।"
सिल्वर मेडल जीतने वालीं धाविका प्राची चौधरी ने कहा, "पीएम मोदी से मिलकर बहुत अच्छा लगा। प्रधानमंत्री से मिलना हर किसी के लिए एक सपने जैसा होता है। चूंकि, हम विदेशों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए यह सोचकर ही हमें प्रेरणा मिलती है कि अगर हम गोल्ड या कोई भी मेडल जीतते हैं, तो हमें प्रधानमंत्री से मिलने, उनसे बात करने और उनसे प्रेरणा पाने का मौका मिलेगा। यह हमारे लिए प्रेरणा का एक बहुत बड़ा स्रोत है। उन्होंने आज मुलाकात की और 'विकसित भारत' के लिए अपना विजन साझा किया। उनकी बातें सुनना वाकई बहुत शानदार था।"
एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाले रेसलर अमन सहरावत ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारा हौसला बढ़ाया, जिससे हमारा मनोबल बढ़ा और हमें देश के लिए और कड़ी मेहनत करने और भविष्य में मेडल जीतने की प्रेरणा मिली।"
गोल्ड मेडलिस्ट हॉकी खिलाड़ी हार्दिक सिंह ने कहा, "यह जानकर बहुत अच्छा लगता है कि देश के प्रधानमंत्री को आपके खेल के बारे में जानकारी है। उन्हें हर छोटी-छोटी बात पता है, उन्होंने हमसे कहा कि हमने एशियन गेम्स में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और अब हमें ओलंपिक पर ध्यान देना चाहिए।"













